असम सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर किया 500 करोड़ रुपये का मानहानि दावा

रायपुर/असम। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग को लेकर मानहानि का मामला दर्ज किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन नेताओं ने उनके खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और उनकी छवि खराब करने वाले आरोप लगाए हैं।
उल्लेखनीय है कि 4 फरवरी को गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के परिवार ने असम में करीब 12 हजार बीघा जमीन पर कब्जा किया है, जो लगभग 3,960 एकड़ से अधिक बताई गई। इन आरोपों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
हाल के दिनों में धार्मिक आधार पर अलगाव जैसी व्यवस्था की बात को लेकर मुख्यमंत्री शर्मा को पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीशों और नागरिक समाज की आलोचना का भी सामना करना पड़ा है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की घोषणा की।
वहीं, गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया को घबराहट करार दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यदि मुख्यमंत्री में साहस है तो शरण लेने के बजाय जनता की अदालत में सामना करें।



