रायपुर–भिलाई-दुर्ग मार्ग पर दो ग्रेड सेपरेटर को मिली मंजूरी, 77.36 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर। राजधानी रायपुर और ट्विन सिटी भिलाई-दुर्ग के बीच निर्बाध आवागमन और तेज यातायात के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिरसा गेट चौक और खुर्सीपार गेट चौक पर ग्रेड सेपरेटर बनाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए 77 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
भारत सरकार ने राज्य शासन के प्रस्ताव के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के तहत इन दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य के लिए राशि मंजूर की है। ग्रेड सेपरेटर बनने से रायपुर और दुर्ग के बीच आने-जाने वाले वाहनों को चौकों पर रुकना नहीं पड़ेगा और यातायात सुगम होगा।
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर कुम्हारी चौक, डबरा पारा, पावर हाउस चौक और सुपेला चौक पर पहले ही फ्लाईओवर बनाए जा चुके हैं। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर भी लंबे समय से फ्लाईओवर या ग्रेड सेपरेटर की मांग की जा रही थी।
जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से यह मंजूरी दी गई है। यह मार्ग रायपुर-भिलाई-दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी प्रमुख चौकों पर फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर बनने से यात्रियों के साथ-साथ उद्योगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।



