एक ही मोबाइल नंबर और फर्जी पते से 24 पासपोर्ट बनवाने का खुलासा, डाकिया भी शामिल

गाजियाबाद। जिले में पासपोर्ट फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के 24 लोगों ने एक ही मोबाइल नंबर और एक ही फर्जी पते के आधार पर गाजियाबाद में पासपोर्ट बनवा लिए। इस पूरे फर्जीवाड़े में पासपोर्ट डिलीवरी करने वाला डाकिया भी शामिल बताया जा रहा है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
जांच में सामने आया है कि सभी पासपोर्ट एक ही पते पर बनवाए गए थे, जबकि वास्तविक आवेदक वहां निवास नहीं करते थे। आरोप है कि हर पासपोर्ट पहुंचाने के बदले डाकिया को दो हजार रुपये दिए जाते थे। डाकिया अरुण लगातार विवेक और प्रकाश नाम के दो आरोपियों को पासपोर्ट सौंप रहा था।
पुलिस ने मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, कई मोबाइल फोन और पासपोर्ट से संबंधित कागजात बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किन उद्देश्यों से किया जाना था और इसके पीछे किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।


