छत्तीसगढ़ में शीतलहर की वापसी: उत्तरी और मध्य जिलों में अगले तीन दिनों तक अलर्ट

रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे शीतलहर की स्थिति वापस लौट रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। ठंड का प्रकोप मुख्य रूप से उत्तरी और मध्य हिस्सों में रहेगा, साथ ही कुछ क्षेत्रों में घना धुंध एवं कोहरा छाने की संभावना है।
पिछले दिनों नमी युक्त हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई थी, लेकिन विक्षोभ के आगे बढ़ने से अब रात्रि तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक राज्य में ठंड का जोरदार प्रभाव रहेगा।
शीतलहर की संभावना वाले जिलों में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला-मानपुर तथा खैरागढ़-छुईखदान शामिल हैं।
हवा में नमी कम होने से पिछले 24 घंटों में अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर आ गया है। पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में ठंड का दौर तेज हो गया है, जहां अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तथा रायपुर का 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है तथा तापमान 13 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।



