बस्तर में 2025 नक्सल विरोधी अभियानों में बड़ी सफलता, 256 माओवादी ढेर

जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र में वर्ष 2025 सुरक्षा बलों के लिए कामयाबी भरा रहा। कुल 100 मुठभेड़ों में 256 माओवादी मारे गए। इस दौरान 898 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया तथा 1573 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने पत्रकार वार्ता में वर्षभर की कार्रवाइयों के आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने 677 हथियार बरामद किए तथा 894 आईईडी खोजकर निष्क्रिय किए, जिससे कई बड़ी घटनाएं टल गईं।
हालांकि संघर्ष में बलिदान भी हुआ। वर्ष 2025 में बस्तर क्षेत्र में 23 जवान शहीद हुए तथा माओवादी हिंसा में 46 आम नागरिकों की जान गई। आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि बलों का फोकस अभियानों के साथ-साथ पुनर्वास नीति पर भी रहा। उन्होंने भरोसा जताया कि 2026 में बस्तर को और सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज रहेगी।



