अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया, ट्रंप ने मादुरो दंपति की गिरफ्तारी की घोषणा की

काराकास। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर सफल सैन्य हमला किया है। इस अभियान में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया है। ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की।
ट्रंप ने लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ बड़े पैमाने पर सफल हमला किया है। मादुरो को उनकी पत्नी के साथ गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया है। यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से किया गया। विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी। आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।”
यह घोषणा काराकास में सुबह तड़के हुए कम से कम सात जोरदार धमाकों के कुछ घंटे बाद आई। धमाकों में मुख्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया तथा कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वेनेजुएला सरकार ने इसे अमेरिकी आक्रमण करार दिया तथा राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया।
यह कार्रवाई अमेरिका-वेनेजुएला तनाव के चरम पर पहुंचने के बीच हुई है। ट्रंप प्रशासन मादुरो पर ड्रग तस्करी के आरोप लगाता रहा है तथा महीनों से सैन्य दबाव बढ़ा रहा था। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



