शराब घोटाला मामला: सौम्या चौरसिया की न्यायिक रिमांड खत्म, आज कोर्ट में पेशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया की 14 दिन की न्यायिक रिमांड समाप्त होने के बाद आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। प्रवर्तन निदेशालय ने सौम्या चौरसिया को 16 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद तीन दिन की रिमांड पूरी होने पर उन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया था, जिसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
सौम्या चौरसिया के बयान के आधार पर ईडी ने आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी आयुक्त और निलंबित आईएएस अधिकारी निरंजन दास को भी गिरफ्तार किया है। निरंजन दास को कल अदालत में पेश किया जाएगा।
इस प्रकरण में ईडी मंगलवार को अपनी अंतिम चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिसमें करीब 2880 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का खुलासा किया गया है। अब इस मामले में ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होगी, हालांकि सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही है। ईडी ने इस मामले में एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें 3200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाया गया है। जांच में सामने आया है कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए इस घोटाले को अंजाम दिया गया। इस मामले में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों सहित कई लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।



