शुष्क दिवस पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब सहित 3 प्रकरण दर्ज

रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए रायपुर आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई में विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से मध्यप्रदेश की महंगी शराब सहित बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की और 3 प्रकरण दर्ज किए।

पहली कार्रवाई पाजी द पिंड ढाबा में की गई। यहां आरोपी ईशु पाल भसीन के कब्जे से होंडा WR-V कार में रखी विभिन्न ब्रांड की 8 बोतल विदेशी मदिरा व्हिस्की बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 6 लीटर और कीमत 15,856 रुपये आंकी गई है। वहीं, जब्त वाहन की अनुमानित कीमत 6.50 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई खम्हारडीह थाना क्षेत्र में हुई। यहां आरोपी राजू मलिक के कब्जे से 21 पाव देशी मदिरा मसाला और 2 बोतल बीयर बरामद की गई। कुल 5.08 बल्क लीटर मदिरा की कीमत 2,580 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबेरी में कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल जांगड़े के कब्जे से 21 पाव रोमियो मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की मात्रा 3.78 बल्क लीटर और कीमत 2,100 रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर शुष्क दिवस के दौरान आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों अल्ताफ खान, आशीष सिंह और वैभव मित्तल तथा आबकारी उपनिरीक्षक विक्रम सिंह एवं राहुल सिंह की टीम ने की।



