जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर 237 पुल-पुलियों के लिए 130 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत

जशपुर, 21 दिसंबर 2025। जशपुर जिले में बरसात के दिनों में ग्रामीणों के आवागमन की बाधा दूर करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर 237 पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 130 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इससे नदियों पर उच्चस्तरीय पुलों के साथ नालों पर पुल-पुलियों का तेजी से निर्माण हो रहा है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी। बरसात में उफनते नदी-नाले अब ग्रामीणों का रास्ता नहीं रोक पाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने जिले में 22 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण के लिए 109 करोड़ 09 लाख रुपये मंजूर किए हैं। ये पुल प्रमुख मार्गों और नदियों-नालों पर बनाए जा रहे हैं, जिससे वर्षभर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। साथ ही गांव, टोला और पारा को जोड़ने के लिए 215 छोटे पुल-पुलियों के निर्माण हेतु 20 करोड़ 93 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
गौरतलब है कि जशपुर जिले में बरसात के दिनों में कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था, जिससे किसानों, छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पुल-पुलिया निर्माण से आवागमन सुरक्षित होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। दूरी और समय की बचत से लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
जिले को मिली इस ऐतिहासिक सौगात पर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और दो वर्षों का सुशासन सड़कों व पुलों पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है।



