जोहान्सबर्ग के पश्चिमी इलाके में अंधाधुंध फायरिंग, 3 बच्चों समेत 11 की मौत, 20 घायल

जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पश्चिमी क्षेत्र में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में 20 लोगों को गोली लगी, जिनमें 3 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। पुलिस के मुताबिक हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हमले के पीछे का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने बताया कि कई लोगों को सड़क पर चलते समय निशाना बनाया गया।
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरीडिली ने बताया कि फिलहाल हमलावरों की पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह गोलीबारी एक शराबखाने के पास हुई, जो दक्षिण अफ्रीका की कुछ प्रमुख सोने की खदानों के आसपास स्थित है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना स्थल पर कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री हो रही थी।
गौतेंग के कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर फ्रेड केकाना ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और राष्ट्रीय अपराध प्रबंधन टीमें, प्रांतीय अपराध स्थल प्रबंधन टीम, स्थानीय आपराधिक रिकॉर्ड केंद्र, गंभीर अपराध जांच, अपराध खुफिया और प्रांतीय जासूसी टीमें मौके पर तैनात हैं।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में हाल के दिनों में हिंसक अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार देश में हिंसक अपराध का स्तर बेहद ऊंचा बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार, अप्रैल से सितंबर के बीच अवैध शराबखानों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 12,000 से अधिक ठिकानों को बंद किया गया और देशभर में 18,000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ड्रग्स एंड क्राइम के 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका प्रति एक लाख आबादी पर 45 हत्याओं की दर के साथ दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल है।



