सुकमा के गोलापल्ली जंगल में मुठभेड़ जारी, 2-3 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना

सुकमा। जिले के गोलापल्ली क्षेत्र के जंगलों में बुधवार सुबह से नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में 2 से 3 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, जबकि कई अन्य के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी की टीम जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरते हुए सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन अभी जारी है और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आधिकारिक पुष्टि मुठभेड़ समाप्त होने के बाद किए जाने की संभावना है।



