छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप बढ़ा, अगले दिनों में तापमान में 1-3 डिग्री गिरावट की संभावना; रायपुर में अलाव व्यवस्था शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड तथा कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।
गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और जीपीएम सहित कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा। प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस तथा रात का न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में कोई विशेष मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा।
रायपुर में आज सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए रायपुर महापौर मीनल चौबे तथा आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को रात्रि में फील्ड में उपस्थित रहकर अलाव व्यवस्था की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि किसी स्तर पर लापरवाही न हो।
रायपुर नगर निगम ने नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए शहर के 12 विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है, जिससे बेघर, राहगीर तथा जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सकेगी।



