अहमदाबाद: इसनपुर झील से 50 साल पुराना अतिक्रमण हटाया, 918 पक्के मकान जमींदोज

अहमदाबाद। चंडोला झील के बाद अब इसनपुर झील पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सोमवार सुबह से 15 से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद से झील किनारे बने 918 पक्के मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है।
अहमदाबाद नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार ये अतिक्रमण 50 वर्ष से अधिक पुराने थे और झील का जलक्षेत्र काफी हद तक अतिक्रमित हो चुका था।
सुप्रीम कोर्ट और गुजरात हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। झील के मूल जलक्षेत्र को पुनर्जनन और संरक्षण के लिए यह कदम उठाया गया है। कार्रवाई अभी जारी है।



