भारत पर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले — सरदार पटेल की एकता की भावना ही हमारी राष्ट्रीय पहचान है…

केवड़िया (गुजरात)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि
“भारत पर्व हमारे देश की विविधता में एकता का सशक्त प्रतीक है, जहां भारत की संस्कृति, परंपरा और गौरव एक साथ देखने को मिलते हैं।”

कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल और भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन...
मुख्यमंत्री साय ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत पर्व उनके 150वें जयंती वर्ष पर आयोजित किया गया है, जिसका समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती — राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर होगा।

उन्होंने कहा
“यह पर्व भारत के सांस्कृतिक और भावनात्मक एकीकरण का सशक्त प्रतीक है। यह बताता है कि भारत केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी एक है।”

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भारत की एकता की पहचान...
सीएम साय ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है। उन्होंने याद किया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिमा के निर्माण का निर्णय लिया था, तब देश के हर गांव से लोहा मंगवाया गया था, जो असली अर्थों में भारत की एकता का प्रतीक बन गया।
“जिस तरह सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों के भारत को सशक्त किया है।” — सीएम विष्णुदेव साय
सनातन संस्कृति और एकता की भावना को दी नई दिशा...
सीएम साय ने कहा कि सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का निर्णय लेकर स्वतंत्र भारत में सनातन संस्कृति के वैभव को पुनः स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी उसी दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ा रहे हैं —
“यह हम सबका सौभाग्य है कि देश की विरासत आज ऐसे नेतृत्व के हाथों में है, जो सरदार पटेल के आदर्शों को नए भारत की शक्ति बना रहे हैं।”
छत्तीसगढ़ की झांकी ने बढ़ाया राष्ट्रीय गौरव...
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की झांकी ने एकता परेड में भाग लेकर पूरे देश को राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
उन्होंने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में हुए आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा —
“बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का वंदे मातरम् और सरदार पटेल की एकता की भावना — यही हमारी राष्ट्रीय पहचान और गौरव की जड़ है।”
सरदार पटेल की दूरदृष्टि आज भी जीवंत...
सीएम साय ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की सिविल सेवा प्रणाली का भारतीयकरण किया, जिसकी झलक आज भी हमारे प्रशासनिक तंत्र में दिखाई देती है। भारत पर्व के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल के कलाकारों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं और राज्य की समृद्ध लोक परंपरा की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



