सूरजपुर : एनीकट में डूबने से दो नाबालिग छात्रों की मौत, रेस्क्यू टीम ने बरामद किए शव

सूरजपुर। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में रविवार को नहाने के दौरान दो नाबालिग छात्र गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश अभियान शुरू किया। रविवार देर शाम तक सफलता न मिलने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा था। सोमवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके करीब तीन घंटे बाद दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) और जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष) रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मोहरा एनीकट गए थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए डेम में उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे डूब गए। पुलिस और बचाव दल ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों में अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र था। वहीं, आदिल अंसारी मनेंद्रगढ़ स्थित अपने नाना-नानी के घर रहकर मदरसे में शिक्षा प्राप्त कर रहा था। वह शब-ए-बारात का पर्व मनाने के लिए अपने माता-पिता के पास शिवनंदनपुर आया हुआ था। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



