सुनसान कमरे में पड़ा मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आंची दादर इलाके में गुरुवार सुबह एक सुनसान कमरे से 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिनय रजक (24), पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने आंची दादर क्षेत्र के एक सुनसान कमरे में युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौत की वजह अब भी रहस्य
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।



