चोरी करने दरवाजा तोड़कर घुसा युवक, मकान मालिक ने पकड़ लिया

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के सेंदरी में किसान के मकान का दरवाजा तोड़कर युवक चोरी करने के लिए घुस गया। युवक ने किसान के घर में रखे गुल्लक को तोड़ा तो महिला की नींद खुल गई। उसने शोर मचाकर अपने पति को जगाया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से चोरी करने घुसे युवक को पकड़कर कोनी पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कोनी क्षेत्र के ग्राम सेंदरी में रहने वाली अहिल्या टोडर गृहणी हैं। बुधवार की रात खाना खाने के बाद वे आराम कर रही थीं। गुरुवार की सुबह कमरे में आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि कमरे में गुल्ल्क टूटा हुआ है। एक युवक पलंग के पीछे छुपकर बैठा है। महिला ने शोर मचाकर अपने पति को जगाया। उनके पति जगमोहन ने युवक को पकड़ लिया।
इसी बीच महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर युवक भागने की कोशिश करने लगा। गांव वालों ने घटना की जानकारी कोनी थाने में देकर पुलिस को बुला लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके मकान का दरवाजा तोड़कर युवक घुस गया था। घर में रखे गुल्लक और पर्स से करीब चार हजार रुपये और एक मोबाइल गायब है। महिला ने आशंका व्यक्त की है कि युवक के साथ कोई और भी मौजूद था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस युवक से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।