महासमुंद में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का जानलेवा हमला: थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल, 10 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संलिप्त 10 हमलावरों को भी जेल भेज दिया गया है।
यह पूरी घटना पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचारी की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आबकारी एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी विजय मारकंडे और विनोद मारकंडे गांव में छिपे हुए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के नेतृत्व में अलग-अलग थानों की संयुक्त टीम ने गांव में दबिश दी थी।
पुलिस ने जैसे ही आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने की कोशिश की, उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आरोपियों के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे और लोहे की छड़ें लेकर वहां पहुंच गए। भीड़ ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव और हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। बचाव के दौरान एक महिला आरक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।
भीड़ ने पुलिस के सरकारी वाहनों को भी निशाना बनाया और हाईवे पेट्रोलिंग गाड़ी के कांच तोड़ दिए। तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद पुलिस टीम पीछे नहीं हटी और दोनों मुख्य आरोपियों को सुरक्षित थाने लेकर आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने के आरोप में विजय, विनोद और उनके परिजनों सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियों की तलाश कर रही है।
।



