अंधविश्वास की बलि चढ़ी महिला, जादू-टोना के शक में हत्या

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के थाना सोनपुर अंतर्गत ग्राम इरपानार में अंधविश्वास के चलते 48 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की है।
पुलिस के अनुसार मृतका के पति लक्ष्मण मेटामी उस समय अपने साले के घर आग तापने गए हुए थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया। आरोपियों ने लकड़ी के डंडे और फरसा की बेंट से महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि महिला की हत्या जादू-टोना और अंधविश्वास के संदेह में की गई। क्षेत्र में फैली ऐसी कुरीतियों के चलते एक निर्दोष महिला की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सोनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 12/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले के मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कानून और समाज की संयुक्त लड़ाई की आवश्यकता को रेखांकित करती है। टोनही जैसे आरोप आज भी जानलेवा साबित हो रहे हैं, जो सामाजिक जागरूकता की कमी को उजागर करते हैं।



