रिटायरमेंट फाइल के लिए रिश्वत लेते महिला कर्मचारी गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग विद्युत यांत्रिकी उपसंभाग-1 में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी अर्शी खान को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार अर्शी खान ने विभाग में कार्यरत वायरमैन कार्तिकचंद्र सरकार की रिटायरमेंट फाइल तैयार करने और भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने के लिए 6000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। कार्तिकचंद्र सरकार अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर के निर्देशन में टीम ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत आज लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने ही आरोपी महिला कर्मचारी ने आवेदक से 2500 रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



