तेंदुए के हमले से महिला की मौत, बहराइच में दहशत का माहौल

बहराइच. जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद उमरी दहलौ गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश में अभियान शुरू किया गया।
थाना फखरपुर क्षेत्र के उमरी दहलौ गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने पानी भर रहीं शांति नामक महिला पर हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला के गले, सिर और माथे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को मौके से भगाया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान महिला की स्थिति नाजुक बनी रही और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद वन विभाग की टीम गांव में कैंप कर रही है और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। विभाग ने ग्रामीणों को अकेले न जाने, सतर्क रहने और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
गांव के लोगों में घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।



