बच्चा चोरी के शक में महिला से मारपीट, खम्हारडीह थाना क्षेत्र में हंगामा, महिला का अस्पताल में इलाज जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पार्वती नगर में बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। यह घटना सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला पर आरोप है कि वह मोहल्ले से एक बच्चे को उठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान लोगों को शक हुआ और उन्होंने महिला को घेर लिया। आरोप लगाते हुए लोगों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में बच्चा चोरी की कोशिश हुई थी या यह महज अफवाह का मामला है। स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।



