खान सर को राहत मिलेगी या बढ़ेंगी मुश्किलें? अग्रिम जमानत याचिका पर कल सुनवाई

पटना। चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज फायरिंग केस में सोमवार को बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया। संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है।
इधर, मामले में गिरफ्तार किए गए खान सर के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई हुई। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता पक्ष के वकील ने अदालत में दावा किया कि फायरिंग जानबूझकर की गई थी। इसी आधार पर जमानत का विरोध किया गया। वहीं, खान सर की ओर से पेश अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल को साजिश के तहत मामले में फंसाया जा रहा है और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखा जाएगा।
चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर
फायरिंग और बवाल मामले को चार दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
सरेंडर की अटकलों पर विराम
शनिवार को पटना सिविल कोर्ट परिसर में खान सर के आत्मसमर्पण की चर्चा तेज रही। हालांकि उनके वकील अरविंद कुमार मौआर ने इन अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल सरेंडर का कोई सवाल नहीं है और कानूनी लड़ाई अदालत में लड़ी जाएगी।
गार्डों के बयान से बढ़ीं मुश्किलें
मामले में गिरफ्तार दोनों सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड फायरिंग की थी। इसी बयान के बाद पुलिस ने एफआईआर में फैजल खान का नाम भी शामिल कर लिया। इसके बाद से उनकी गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
कोचिंग संस्थान और अस्पताल को नोटिस
इस बीच प्रशासनिक स्तर पर भी खान ग्लोबल स्टडीज की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में संस्थान और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया था। जांच के दौरान कई खामियां मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
फायर विभाग ने आवश्यक सुरक्षा सुधारों के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 15 जून तक कमियां दूर नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



