कबीरधाम के श्रद्धालुओं का रामलला दर्शन योजना के तहत कवर्धा में अभूतपूर्व स्वागत

कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या से लौटे कबीरधाम जिले के 63 श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने विधायक कार्यालय में श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर, माल्यार्पण और शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर की यात्रा के अनुभव साझा किए और राज्य सरकार की इस अनोखी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री का संदेश...
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रभु श्रीराम के दर्शन प्रत्येक श्रद्धालु के लिए अत्यंत पवित्र और अविस्मरणीय अनुभव होते हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि वे इस यात्रा से मिली आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद अपने गांव-गांव में साझा करें।

श्रद्धालुओं ने कहा कि रामलला मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर का अनुभव अद्भुत और दिव्य है। इस यात्रा ने उन्हें अपार शांति और संतोष प्रदान किया। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं और स्वागत-सत्कार के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
रामलला दर्शन योजना का उद्देश्य...
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत प्रदेश के श्रद्धालुओं को शासकीय सहायता से अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना 18 से 75 वर्ष तक के प्रदेशवासियों के लिए है और जीवन में एक बार निःशुल्क दर्शन का अवसर प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देती है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
योजना का प्रभाव...
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अब तक कबीरधाम जिले के कुल 553 श्रद्धालु इस योजना का लाभ ले चुके हैं। श्रद्धालुओं ने उपमुख्यमंत्री को रामलला और काशी विश्वनाथ दर्शन हेतु शासकीय सहायता प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया और इसे अपने जीवन की अविस्मरणीय यात्रा बताया।