Weather Update: देशभर में आंधी-बारिश का असर, 40°C से नीचे आया पारा, कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले कुछ दिनों से हो रही आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के आगरा में करीब एक घंटे की तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई जगह सड़कें और फुटपाथ धंस गए। वाहनों के पलटने की भी घटनाएं सामने आईं। वहीं मध्य प्रदेश के सिंगरौली में आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। नीमच जिले में जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे ने जान गंवा दी।
जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते कई सड़कें बंद हो गईं और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। अनंतनाग में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस बीच विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने भी दुनिया के कई हिस्सों में चरम मौसम की घटनाओं की आशंका जताई है। संगठन के अनुसार आने वाले समय में सूखा, बाढ़, हीटवेव और अन्य मौसमीय चुनौतियां बढ़ सकती हैं। भारत सरकार ने भी राज्यों को संभावित कम मानसून और अल नीनो की स्थिति को देखते हुए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल तट पर दस्तक दे सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे मानसून देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ेगा। केरल के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिनों में राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी, बिजली और भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।



