Khan Sir Coaching Attack: खान सर की कोचिंग पर हमले में बड़ी कार्रवाई, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

पटना। राजधानी पटना में मंगलवार रात खान सर की कोचिंग संस्था खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगी अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर कन्हैया सिंह की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर में चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर पर ईंट-पत्थर फेंके और संस्थान के होर्डिंग को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान सुरक्षा गार्ड के साथ भी मारपीट की गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
हमले में घायल सुरक्षा गार्ड का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल गार्ड का बयान भी दर्ज किया है।
इस बीच सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फायरिंग की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि डीएसपी राजेश रंजन ने साफ किया है कि अब तक की जांच और सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी के कोई सबूत नहीं मिले हैं। खान ग्लोबल स्टडीज और आसपास के क्षेत्रों की फुटेज की जांच के बाद भी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इस घटना के बाद कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



