छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: अंधड़ और ओलावृष्टि से थमी गर्मी, कई जिलों में झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार देर रात राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। तेज हवा और ओलों के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें सामने आई हैं।
सोमवार को दिन में प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
मौसम विभाग ने 17 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है।
प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
आज के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी।
रायपुर में 17 मार्च को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देर रात प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। चेतावनी के अनुसार सरगुजा और बिलासपुर संभाग के सभी जिलों के साथ ही राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार, नारायणपुर और सुकमा जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई थी। यह चेतावनी 17 मार्च सुबह 6 बजे तक प्रभावी रही।



