बदला मौसम का मिजाज: छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, जानें अपने शहर का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के अचानक बदले मिजाज से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई क्षेत्रों में आज बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अगले चार दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। 5 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है, इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्षा के आंकड़ों के अनुसार पौड़ी उपरोरा में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ से होकर एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसी के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



