मौसम का मिजाज: छत्तीसगढ़ में कहीं धुंध तो कहीं कड़ाके की ठंड, जानें अपने शहर का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और फरवरी का पहला पखवाड़ा भी इसी तरह गुजरने की संभावना है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा नहीं हुई। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और स्थिति शुष्क बनी रहेगी।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि पंजाब और उससे लगे उत्तर पाकिस्तान के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में स्थित है। वहीं दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण विस्तारित है। इन परिस्थितियों के बीच प्रदेश में बुधवार से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा और शुष्क स्थिति बनी रहेगी।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।



