मध्यप्रदेश में मतदान के बीच वोटर को मारी गोली, अबतक 14.43 हुई फीसदी वोटिंग

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के लिए आज मंगलवार (सात मई, 2024) को 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान हो रहा है। इन सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो गई। तीसरे चरण में गोवा की 2, गुजरात की 25, छत्तीसगढ़ की 7, कर्नाटक की 14, असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की 4, दादर नगर हवेली और दमन दीव की सीटों पर मतदान हो रहा है।
मध्यप्रदेश चरण में आज नौ सीटों पर मतदान है। इन सीटों पर 127 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला एक करोड़ 77 लाख 52 हजार से अधिक मतदाता करेंगे। इसी बीच भिंड के शिवपुरी का पुरा में मतदान करने जा रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिकी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
हालांकि, भिंड कलेक्टर ने इस खबर को अफवाह बताया है। भिंड कलेक्टर के अकाउंट से एक्स कर बताया गया कि पुरानी रंजिश में विद्यावती कॉलेज के ठीक सामने राघवेंद्र खटीक घर पर ही बैठा था, इस दौरान दो लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें फरियादी के पेट में गोली लगने से वह घायल हो गया। तत्काल उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सुबह नौ बजे तक प्रदेश में 14.43 फीसदी मतदान हुआ है। राजगढ़ सीट पर सबसे ज्यादा 16.57 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि सबसे कम 12.23 फीसदी मतदान भिंड में हुआ है।