पर्यावरण नियमों का उल्लंघन: मंगलम और हेल्थ सिटी अस्पताल पर एक-एक लाख का जुर्माना, स्टाफ जला रहा था मेडिकल वेस्ट

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में बायोमेडिकल वेस्ट खुले में जलाने के मामले में दो अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। कटंगी बायपास स्थित मंगलम हॉस्पिटल और हेल्थ सिटी मल्टी स्पेशयल्टी हॉस्पिटल पर नगर निगम ने एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अस्पतालों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों के ईटीपी अपशिष्ट उपचार संयंत्र संचालित नहीं पाए गए। साथ ही अस्पताल स्टाफ को खुले में बायोमेडिकल वेस्ट जलाते हुए पाया गया। पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर यह कार्रवाई की गई है।



