Vijay Sharma : कांग्रेस जिन्हें निर्दोष बता रही उन पर कांग्रेस शासन काल से ही मामले दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार लगातार नक्सलियों का उत्पात ख़त्म करने की कोशीश में जुटी है। पिछले कुछ महीनों में जवानों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों को मार गिराया तो वहीं कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर लिया है। इस मामले को लेकर पक्ष और विपक्ष में वार-पलटवार का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर नक्सल उन्मूलन की दिशा में बहुत आगे बढ़ चुका है।
बस्तर से लगातार फीडबैक आ रहे हैं। लोग चाह रहे हैं कि उन्हें नक्सलवाद पूरा समाप्त चाहिए। लोग बिना डर एवं भय के शांति से रहना चाहते हैं। इस पर सभी को राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पूर्ण सहयोग करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर उन्होंने कहा बस्तर की शांति के लिए बैज से आग्रह करता हूं कि नक्सली उन्मूलन के लिए वह ही आगे आएं और आगे आकर बस्तर में शांति के लिए मार्ग सुझाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि मुठभेड़ में मारे गए जिन नक्सलियों को वह निर्दोष बता रहे हैं, उनके विरुद्ध कांग्रेस के शासनकाल में ही 302, 307, यूएपीए जैसे मामले दर्ज हैं। दीपक बैज को पहले तथ्यों की परख कर लेनी चाहिए, उसके बाद बोलना चाहिए। उन सभी के विरुद्ध साल 2022, 2021 से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। लकी कुंजाम पर 2022 में 302 का मामला दर्ज है, 2023 में 307 के प्रकरण था, दीपक बैज जी वहां के सांसद थे, उनकी ही सरकार थी।
किसके खिलाफ कितने मामले
उप-मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ओरछा छोटू के विरुद्ध 2022 में 307 का मामला दर्ज है, कांग्रेस के सरकार में मामला दर्ज हुआ था। चैतू कुंजाम पर 2021 में 307 का मामला है, 2023 में फिर 307 लगा, 2024 जनवरी में 302, इस प्रकार 7 प्रकरण उनके खिलाफ हैं। सन्नो अवलम पर 2022 में 302 सहित कुल 6 प्रकरण हैं। सुनीता कुंजाम के विरुद्ध साल 2022 में 302, साल 2023 में 307 सहित 6 प्रकरण दर्ज हैं। योगा बरसे के खिलाफ 2022 में अपहरण का प्रकरण दर्ज है। ऐसे बहुत सारे विषय हैं उन तथ्यों की जांच होनी चाहिए।