विधानसभा अपडेट: सदन के पटल पर रखे जाएंगे महत्वपूर्ण दस्तावेज, ध्यानाकर्षण में उठेगा नशे का मुद्दा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन हंगामेदार रहने की संभावना है। सदन में प्रश्नोत्तर, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विधेयकों से संबंधित सूचनाएं और राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा सदन के पटल पर पत्र रखेंगे।
मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत भी विभिन्न पत्रों को पटल पर प्रस्तुत करेंगे। नवंबर-दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी सदन पटल पर रखे जाएंगे। इसके साथ ही सदन में पढ़ी गई सूचनाओं और उनके उत्तरों का संकलन प्रस्तुत किया जाएगा। राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी दी जाएगी।
सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा विषय सदन में रखेंगे।
मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा सौंपेंगे। विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी।



