वीआईपी रोड फार्महाउस पार्टी का वीडियो वायरल, हुक्का बैन के बावजूद खुलेआम नियमों की अनदेखी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुक्का प्रतिबंध के बावजूद राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित विशाल नगर के एक फार्महाउस में आयोजित प्राइवेट पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक-युवतियां खुलेआम हुक्का पीते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बिना अनुमति फार्महाउस में पार्टी आयोजित की गई, जिससे नियमों का उल्लंघन हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो में दिख रहे युवक-युवतियां एक नामी एनजीओ से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि पार्टी में बड़े कारोबारी और प्रभावशाली परिवारों के लोग शामिल थे। आरोप है कि एनजीओ की आड़ में इस तरह के आयोजन किए जाते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक यह पार्टी 8 अप्रैल को आयोजित हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वीडियो में लोग गानों पर हुक्का पीते हुए रील बनाते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी में लाइव म्यूजिक की भी व्यवस्था की गई थी।
सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



