वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो अमेरिका लाए गए, न्यूयॉर्क में चलेगा मुकदमा

नई दिल्ली. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को 4 जनवरी की आधी रात अमेरिका लाया गया। अमेरिकी सेना का विमान न्यूयॉर्क स्थित स्टुअर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतरा, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों को विमान से नीचे उतारा गया।
बताया गया कि इस दौरान मादुरो ने नीले रंग की जैकेट पहन रखी थी और उनका चेहरा ढंका हुआ था। मादुरो और उनकी पत्नी को बेस परिसर में स्थित एक हैंगर में रखा गया, जहां दोनों की मेडिकल जांच की गई।
मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद मादुरो को न्यूयॉर्क सिटी के मैनहैटन ले जाया गया। उन्हें मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार, अगले सप्ताह मैनहैटन की फेडरल कोर्ट में मादुरो के खिलाफ ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में सुनवाई शुरू होगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 3 जनवरी की रात अमेरिकी सैनिकों द्वारा वेनेजुएला में कार्रवाई किए जाने और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो व उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद यह घटनाक्रम तेजी से आगे बढ़ा।



