वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

नई दिल्ली। बिहार के 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को खेल क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान वीर बाल दिवस के अवसर पर दिया गया।
वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंदों पर 190 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 16 चौके एवं 15 छक्के शामिल थे। मणिपुर के खिलाफ मैच नहीं खेल सके, क्योंकि पुरस्कार ग्रहण करने दिल्ली आए थे।
वैभव भारत ए एवं अंडर-19 टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं तथा टीम ने उन्हें रिटेन किया है। आईपीएल 2025 में 7 मैचों में 252 रन बनाए।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि पुरस्कार प्राप्त बच्चों ने वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा तथा खेल जैसे क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा दिखाई है। हर बच्चा समान रूप से आदरणीय है।
वीर बाल दिवस गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की शहादत की याद में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जनवरी 2022 को इसकी घोषणा की थी।



