राज्य के कॉलेजों में जल्द भरे जाएंगे रिक्त पद, विशेषज्ञ समिति करेगी योग्यता का फैसला

रायपुर, 18 फरवरी 2026। राज्य में प्राध्यापक उच्च शिक्षा परीक्षा 2021 के अंतर्गत 595 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने विषय विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। यह समिति अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक दस्तावेज और प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच कर अंतिम पात्रता तय करेगी।
इससे पहले 11 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने विभाग को पत्र भेजकर 35 अभ्यर्थियों की शैक्षणिक अर्हताओं की विशेषज्ञ स्तर पर जांच कराने का अनुरोध किया था। आयोग ने 4 दिसंबर 2025 की बैठक में दस्तावेज सत्यापन के दौरान उत्कृष्ट प्राध्यापक पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के अभिलेखों की विशेष जांच आवश्यक बताई थी।
महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार चयन प्रक्रिया यूजीसी विनियम 2018 के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है। विज्ञापन की कंडिका 6 (2) (iv) (ख) के तहत विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच होगी।
गठित समिति के संयोजक के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर ओम प्रकाश व्यास को नियुक्त किया गया है। सदस्यों में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के डॉ. एस एस संधु, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के डॉ. पवन मिश्रा, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के डॉ. अवनीश कुमार, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. एन पी पाठक, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के डॉ. विवेक मिश्रा तथा आरटीएम नागपुर विश्वविद्यालय के डॉ. नंद किशोर कराडे शामिल हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार यह पहल भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समिति की जांच के बाद योग्य अभ्यर्थियों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिससे महाविद्यालयों में रिक्त पद शीघ्र भरे जा सकें और शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिल सके।



