UPSC में 35वीं रैंक हासिल करने वाली वैभवी अग्रवाल से मिले सीएम साय, कहा– प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली सुश्री वैभवी अग्रवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री साय ने वैभवी अग्रवाल को मिठाई खिलाकर उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैभवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
सीएम साय ने विश्वास व्यक्त किया कि वैभवी अग्रवाल प्रशासनिक सेवा में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के पिता शीतल अग्रवाल और भाई विनायक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।



