UPSC 2026: क्या आप भी दे रहे हैं परीक्षा? जान लें आवेदन और योग्यता से जुड़े ये नए नियम

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 4 फरवरी 2026 को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस साल आयोग ने कई अहम बदलाव किए हैं, जिनमें सेवा आवंटन और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित नई पहलें शामिल हैं। खासकर, आईपीएस के लिए नियमों को अधिक स्पष्ट और सख्त किया गया है।
नए नियमों के अनुसार, यदि किसी उम्मीदवार का चयन पहले ही आईपीएस के लिए हो चुका है, तो वह CSE 2026 के माध्यम से फिर से आईपीएस का विकल्प नहीं चुन सकता। इसके अलावा, यदि कोई कार्यरत IAS या IFS अधिकारी है, तो वह अब इस परीक्षा में भाग नहीं ले सकेगा। यदि किसी उम्मीदवार की मुख्य परीक्षा से पहले इन सेवाओं में नियुक्ति हो जाती है, तो उसे मुख्य परीक्षा देने की अनुमति नहीं मिलेगी।
जो उम्मीदवार CSE 2025 या उससे पहले किसी सेवा में आ चुके हैं, उन्हें 2026 या 2027 में एक अंतिम अवसर (बिना इस्तीफा दिए) दिया गया है, ताकि वे अपने बचे हुए अटेम्पट्स का उपयोग कर सकें।
ग्रुप A सेवा के लिए बदलाव
UPSC ने उन उम्मीदवारों के लिए भी नए नियम जारी किए हैं जो 2026 में ग्रुप A सेवा में चयनित होने के बाद फिर से परीक्षा देना चाहते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को तभी परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा जब वे संबंधित विभाग से ‘ट्रेनिंग में शामिल न होने की छूट’ प्राप्त कर लें। यदि वे ट्रेनिंग में शामिल नहीं होते और छूट भी नहीं लेते, तो उनका 2026 का आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। इसके अलावा, यदि वे 2027 में फिर से सफल होते हैं, तो उन्हें दोनों सेवाओं में से एक चुननी होगी, और दूसरी रद्द मानी जाएगी।
डिजिटल सुरक्षा और फर्जीवाड़े पर अंकुश
परीक्षा में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए आयोग ने AI-आधारित फेशियल रिकॉग्निशन और आधार वेरिफिकेशन को अनिवार्य बना दिया है। अब उम्मीदवारों को एक नए चार-चरण वाले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जो पूरी तरह से आधार से जुड़ा होगा।
योग्यता
इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS) के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास भारत में किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में बैचलर डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं, इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) के उम्मीदवारों के लिए एनिमल हसबेंडरी, वेटरनरी साइंस, बॉटनी, केमिस्ट्री, जियोलॉजी, मैथमेटिक्स, फिजिक्स, स्टैटिस्टिक्स, जूलॉजी, एग्रीकल्चर जैसे विषयों में बैचलर डिग्री जरूरी है।



