महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत पर विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को शून्यकाल के दौरान महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। बढ़ते शोर-शराबे के बीच आसंदी ने स्थिति को देखते हुए सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।
शून्यकाल में चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने युद्ध की स्थिति के बावजूद गैस की कमी नहीं होने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब प्रदेश में गैस की किल्लत सामने आ रही है। उन्होंने सरकार से इस पर जवाब मांगा।
इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह विषय राज्य सरकार के दायरे में नहीं आता, इसलिए इस पर विधानसभा में चर्चा नहीं होनी चाहिए।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुद्दा भले ही केंद्र सरकार से जुड़ा हो, लेकिन व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर विपक्ष के विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा किया। बढ़ते हंगामे के बीच आसंदी ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए विधानसभा की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।



