अपडेट : बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 14 माओवादियों के शव बरामद

बस्तर। बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और सुकमा जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर से 2 तथा सुकमा से 12 माओवादी शामिल हैं। मुठभेड़ स्थलों से भारी मात्रा में एके-47, इंसास तथा एसएलआर राइफल जैसे हथियार भी जब्त किए गए हैं।
बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीमें अभियान पर रवाना की गई थीं।
बीजापुर में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुककर मुठभेड़ जारी रही। सुकमा में सुबह करीब 8 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर फायरिंग हुई। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 माओवादियों के शव बरामद हुए।
चूंकि अभियान अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती, ताकि जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे। ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।



