रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: 100 से अधिक बदमाशों की लगी ‘क्लास’, एसएसपी ने दी अपराध छोड़ मुख्यधारा में लौटने की चेतावनी

रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आदतन अपराधियों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बुधवार को शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों, सजायाफ्ता और संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों को पुलिस कार्यालय में तलब किया। उन्हें अपराध छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की सख्त हिदायत दी गई।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि सभी चिन्हित बदमाश अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन जिएं। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या शिकायत सामने आई तो उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
होली पर्व को देखते हुए एसएसपी ने पहले ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी बदमाशों और गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों को बुलाकर स्पष्ट चेतावनी दी जाए। निर्देशों के तहत थाना स्तर पर पहले इनकी काउंसिलिंग की गई, इसके बाद उन्हें एसपी कार्यालय में उपस्थित कराया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें नशा और बुरी संगत छोड़कर नए सिरे से जीवन शुरू करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस सुधार का अवसर दे रही है। यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। रोजगार की समस्या से जूझ रहे लोगों को उनकी योग्यता के अनुसार काम दिलाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय किया जाएगा।
बैठक के दौरान कुछ व्यक्तियों ने बताया कि उनके खिलाफ लंबे समय से कोई शिकायत नहीं है। इस पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
होली के मद्देनजर एसएसपी ने विशेष चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति गुंडागर्दी, छेड़खानी या अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक प्रशांत राव, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू सहित थाना कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पूंजीपथरा, खरसिया और पुसौर के थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।



