ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल के खिलाफ केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सख्त: सीबीएसई के नाम पर सीजी बोर्ड से परीक्षा दिलाने का आरोप, मुख्य सचिव को लिखा पत्र

रायपुर। व्यापार विहार स्थित एक निजी स्कूल में छात्रों के भविष्य से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव विकास शील से चर्चा की और तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल का है, जहां 40 से अधिक छात्रों के अभिभावकों ने शिकायत की है कि स्कूल प्रबंधन ने शुरुआत में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई और परीक्षा का आश्वासन दिया था। हालांकि, चालू शैक्षणिक सत्र में अचानक छात्रों पर छत्तीसगढ़ बोर्ड से परीक्षा देने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे अभिभावकों और छात्रों में नाराजगी है।
मंत्री तोखन साहू ने इस घटनाक्रम को छात्रों के भविष्य के साथ धोखा बताया है। उन्होंने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि यदि जांच में स्कूल प्रबंधन दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य से किसी प्रकार की लापरवाही या छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जांच की प्रगति की नियमित जानकारी देने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।



