हत्या या हादसा? अछोली नाला में मिली अज्ञात महिला की लाश, पुलिस खंगाल रही गुमशुदगी के रिकॉर्ड

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली नाला में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का चेहरा किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला हुआ पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शव मिलने की सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर फेंका गया है या घटना स्थल यही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।



