मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सरगुजा में तेजी से बन रहे पुल, ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (सेतु संभाग) अंबिकापुर द्वारा सरगुजा जिले में तीन महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
इन पुलों के बन जाने से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों का आपसी संपर्क मजबूत होगा, बल्कि आवागमन सुगम होने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
बतौली में डोमनी नाला पर बनेगा 60 मीटर लंबा पुल...
विधानसभा सीतापुर के अंतर्गत विकासखंड बतौली में रजपुरी-भूसू मार्ग पर डोमनी नाला पर उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना की कुल लागत 222.61 लाख रुपये है तथा पुल की लंबाई 60 मीटर होगी।
पुल तैयार होने से आसपास के गांवों के लोगों को वर्षा ऋतु में भी अबाधित यातायात सुविधा मिलेगी।

लुण्डा में मछली नदी पर बनेगा 72 मीटर लंबा पुल...
विधानसभा लुण्डा क्षेत्र में ग्राम गगोली-घघरी मार्ग पर मछली नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस कार्य की कुल लागत 545.54 लाख रुपये है तथा पुल की लंबाई 72 मीटर निर्धारित है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को अत्यंत सुविधा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
माण्ड नदी पर 168 मीटर लंबा पुल बनेगा विकास का आधार...
बतौली विकासखंड के चलता-हर्रामार मार्ग पर माण्ड नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जा रहा है।
889.86 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस 168 मीटर लंबे पुल के तैयार होने पर क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और परिवहन के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर शासन का विशेष जोर...
लोक निर्माण विभाग (सेतु संभाग) ने बताया कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए इन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन पुलों के बन जाने से सरगुजा के दूरस्थ अंचलों को मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीण संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में व्यापक सुधार होगा।



