पारिवारिक संपत्ति विवाद में चाचा पर जानलेवा हमला, भतीजा गिरफ्तार, पिता फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने पिता के सहयोग से चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर को प्रार्थिया नेहा देवांगन ने डीडी नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पति जीवन देवांगन पर उसके भतीजे सुभाष देवांगन ने अपने पिता राजू उर्फ राजेंद्र देवांगन के सहयोग से धारदार हथियार से कई बार हमला किया। इस हमले में जीवन देवांगन के गर्दन, पेट, दाहिने हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें सुभाष देवांगन द्वारा चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर सुभाष देवांगन को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके चाचा जीवन देवांगन ने संयुक्त मकान बेचने के लिए अग्रिम राशि ले ली थी, जबकि वह इस बिक्री के पक्ष में नहीं था। इसी विवाद से नाराज होकर उसने हमला किया।
पुलिस ने आरोपी सुभाष देवांगन को हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं इस मामले में नामजद आरोपी राजू उर्फ राजेंद्र देवांगन फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



