गरियाबंद में दो इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ सरकार के नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में दो सक्रिय माओवादियों ने हथियार डालकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
आत्मसमर्पण करने वालों में एसडीके एरिया कमेटी सदस्य संतोष उर्फ लालपवन और सीनापाली एरिया कमेटी सदस्य मंजू उर्फ नंदे शामिल हैं। दोनों मूल रूप से बस्तर जिले के निवासी हैं तथा वर्ष 2010 से नक्सल गतिविधियों में सक्रिय थे। इन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार दोनों 10 से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों नक्सली राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर हिंसा का मार्ग त्यागने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण के बाद वे मुख्यधारा में शामिल होकर नया जीवन शुरू करेंगे। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा उनकी पुनर्वास प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



