बिलासपुर में नशे के सौदागरों पर बड़ी चोट: 13 लाख की MDMA ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी कार भी जब्त

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मिलकर एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बेचने की फिराक में घूम रहे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 26.05 ग्राम कीमती एमडीएमए ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक कार जब्त की है। बरामद की गई ड्रग्स और कार की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी जा रही है।

मैदान में कार खड़ी कर ढूंढ रहे थे ग्राहक
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक कार (क्रमांक CG 28 L 8130) खड़ी है। इस कार में दो युवक सवार हैं, जो बेहद खतरनाक और नशीला पदार्थ एमडीएमए लेकर बैठे हैं और उसे बेचने के लिए किसी बड़े ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। खबर मिलते ही चकरभाठा पुलिस और स्पेशल टीम ने तुरंत एक्शन लिया और मौके के लिए रवाना हो गई।
पुलिस को देखकर भागने लगे, घेराबंदी कर दबोचा
मैदान में जैसे ही पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं, पुलिस को अपनी तरफ आता देख दोनों आरोपी कार स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पहले से ही घेराबंदी कर रखी थी। जवानों ने दौड़कर दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। जब कार और दोनों युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से भारी मात्रा में एमडीएमए ड्रग्स की पुड़िया बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने कुबूल किया कि वे शहर में नशा सप्लाई करने के मकसद से ही माल लेकर आए थे।
स्थानीय निकले दोनों आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी चकरभाठा इलाके के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि बिलासपुर में ये ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इनके तार किन-किन बड़े ड्रग पेडलर्स से जुड़े हैं।


