छत्तीसगढ़ में दो भीषण सड़क हादसे, तीन युवकों की मौत और दो लोग जिंदा जले

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरबा जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना केल्हारी थाना क्षेत्र की है, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। केल्हारी पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
दूसरी बड़ी घटना कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में हुई, जहां नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर केबिन के भीतर ही फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, ट्रेलर का चालक कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल की दूरी अधिक होने के कारण दमकल के पहुंचने से पहले ही ट्रक पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



