सुबह-सुबह अचानक रद्द हुई दो फ्लाइट, जानकारी मिलते ही यात्रियों में नाराजगी, जानें क्या है वजह

जयपुर. बुधवार सुबह जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। एयरक्राफ्ट की कमी के कारण इंडिगो एयरलाइंस ने अचानक जयपुर से उदयपुर और अहमदाबाद के लिए निर्धारित दो फ्लाइटें रद्द कर दीं, जिसके बाद यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-7217 जयपुर से अहमदाबाद के लिए सुबह 8:10 बजे रवाना होनी थी, जबकि फ्लाइट 6E-7465 को सुबह 6:55 बजे उदयपुर के लिए उड़ान भरनी थी। दोनों ही उड़ानों को तकनीकी और ऑपरेशनल कारणों के चलते अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों के यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो गए।
फ्लाइट रद्द होने के बाद कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर एयरलाइन स्टाफ से जवाब मांगा और इसे इंडिगो की लापरवाही बताया। कुछ यात्रियों ने तत्काल रिफंड की मांग की, जबकि अन्य ने वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। स्थिति को देखते हुए एयरलाइन ने यात्रियों को दूसरी उपलब्ध उड़ानों में शिफ्ट करने और रिफंड प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी।
इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि ऑपरेशनल कारणों के चलते उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और यात्रियों से हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया। एयरलाइन ने रिफंड और री-बुकिंग की सुविधा देने का आश्वासन दिया है।
बुधवार की घटना से एक दिन पहले भी जयपुर एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ था। मंगलवार को दो उड़ानें रद्द हुई थीं और लगभग 20 फ्लाइट देरी से संचालित हुईं, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने स्थिति की निगरानी बढ़ाने की बात कही है।



